बरही (हजारीबाग)। स्वच्छ भारत अभियान के बड़े-बड़े दावों के बीच बरही चौक की एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। बरही का यह मुख्य चौराहा, जहां से दिल्ली, कोलकाता, कोडरमा और हजारीबाग की ओर जाने वाले मार्ग अलग होते हैं, इन दिनों गंदगी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है।

नेशनल हाईवे के किनारे और डिवाइडर के पास भारी मात्रा में प्लास्टिक, खाने-पीने के अवशेष और अन्य कचरा जमा हो गया है। व्यस्त अंतरराज्यीय मार्ग होने के बावजूद यहां साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नजर नहीं आ रही। राहगीरों और स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक से गुजरते समय तीखी बदबू का सामना करना पड़ता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाहर से आने वाले लोग नहीं बल्कि कुछ फल विक्रेता और आसपास के लोग ही रात के अंधेरे में यहां कचरा फेंक देते हैं। लगातार बढ़ती गंदगी से न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि बरही क्षेत्र की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
लोगों ने प्रशासन से जल्द सफाई अभियान चलाने, कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई करने और चौक पर नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि स्वच्छता अभियान के दावों को धरातल पर उतारा जा सके।
इसे भी पढ़े: हाथियों के हमले पर विधानसभा के बाहर मांडू विधायक का प्रदर्शन, सरकार पर लापरवाही का आरोप