चौपारण। प्रखंड के ग्राम दनुआ स्थित नमनदीप पब्लिक स्कूल में सोमवार को होली का पर्व पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। फागुन पूर्णिमा के इस रंगोत्सव ने विद्यालय परिसर को उमंग, भाईचारे और सामाजिक समरसता के रंगों से सराबोर कर दिया। चारों ओर उड़ते अबीर-गुलाल और बच्चों की खिलखिलाहट से माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत होली के सांस्कृतिक और पारंपरिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को होली से जुड़ी पौराणिक कथाओं और इसके सामाजिक संदेश की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश दिया।
होली मिलन समारोह विद्यालय के प्रधान शिक्षक सतीश केसरी के नेतृत्व में आयोजित हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के मानसिक, सामाजिक और रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही विद्यार्थियों को सुरक्षित, संयमित और पर्यावरण-अनुकूल होली मनाने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के शिक्षक रंजन रजक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे त्योहार समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं। होली हमें सभी भेदभाव भुलाकर प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ जीवन जीने की सीख देती है।
परिसर में मटकाफोड़ प्रतियोगिता का उत्साह
होली मिलन समारोह के अवसर पर विद्यालय परिसर में मटकाफोड़ कार्यक्रम का भी जोशपूर्ण आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और टीम भावना के साथ इसमें भाग लिया। रंग-बिरंगे गुलाल और तालियों की गूंज के बीच बच्चों ने सहयोग और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया।
मटकाफोड़ प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिसमें कक्षा द्वितीय की छात्रा सुरभि कुमारी ने मटका फोड़कर सफलता हासिल की और सभी की सराहना बटोरी।
पूरे कार्यक्रम का संचालन शिक्षकों की देखरेख में सुरक्षित और अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षक महेश ठाकुर, अमित केसरी, उमेश दास, रंजन रजक, अंजलि कुमारी, मोनिका कुमारी, राखी कुमारी सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे।
रंगों और खुशियों से सराबोर यह आयोजन विद्यालय परिवार के बीच एकता, प्रेम और भाईचारे की भावना को और अधिक प्रगाढ़ कर गया।
इसे भी पढ़े: चौपारण की दनुआ घाटी में ट्रेलर गहरी खाई में गिरा, चालक घायल, मौके पर पहुंची पुलिस