हजारीबाग/टाटीझरिया। मुंबई के पनवेल से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। झारखंड के हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड अंतर्गत बड़ाडहरभंगा गांव निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान सुभाष यादव (35 वर्ष), पिता अमृत यादव के रूप में हुई है। महाराष्ट्र पुलिस ने पनवेल स्थित एक कमरे से उसका शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया है। घटना की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। सुभाष यादव अपने पिता का इकलौता पुत्र था और पिछले करीब 15 वर्षों से मुंबई के एक होटल में कैश काउंटर पर काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। वह परिवार का एकमात्र सहारा था। परिजनों के अनुसार, सुभाष अगस्त 2025 में खेती-बारी के सिलसिले में गांव आया था और कार्य निपटाकर पुनः मुंबई लौट गया था। उसके पीछे पत्नी प्रियंका देवी और तीन मासूम बच्चे पुत्री पायल कुमारी (14 वर्ष), पुत्र राजकुमार यादव (12 वर्ष) और अंश कुमार (10 वर्ष) हैं। परिजनों ने सुभाष की मौत को संदिग्ध बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जो व्यक्ति वर्षों से मुंबई में स्थायी रूप से काम कर रहा था, परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा था, वह अचानक आत्मघाती कदम नहीं उठा सकता। फिलहाल, महाराष्ट्र पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुंबई में रह रहे गांव के अन्य युवक अस्पताल पहुंच चुके हैं और अब शव को पैतृक गांव लाने की तैयारी की जा रही है। इधर, गांव में मृतक के घर पर लोगों की भारी भीड़ जुटी है। स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया है। वहीं सुभाष की मौत के बाद परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है।
Also Read
क्राफ्ट समाचार/नितिश केशरी













