देवघर। जिले के रोहिणी नावाडीह रेलवे फाटक के समीप गुरुवार को एक बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते टल गई। जसीडीह से आसनसोल की ओर जा रही ट्रेन के इंजन की टक्कर एक ट्रक और मोटरसाइकिल से हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
Also Read
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेलवे फाटक पार करने के दौरान ट्रक और दो मोटरसाइकिल रेल इंजन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे दब गईं, जबकि ट्रक और ट्रेन का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे के बाद देवघर–गिरीडीह को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह से बाधित हो गई, जिससे यातायात ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

फिलहाल राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रशासन द्वारा सड़क एवं रेल यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
सुधांशु शेखर देवघर




















