हजारीबाग/दारू। दारू थाना क्षेत्र के एन एच 522 हरली गांव के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरली निवासी सूरज कुमार पिता विनोद प्रसाद मोटरसाइकिल से दारू से झुमरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान झुमरा की ओर से आ रही एक टाटा मैजिक वाहन अनियंत्रित हो गई और मोटरसाइकिल सवार के ऊपर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। स्थानीय ग्रामीण ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक की सहायता में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही दारू थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस दल को तत्काल घटनास्थल पर भेजा। पुलिस एवं ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टाटा मैजिक वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई है तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
इसे भी पढ़े: स्वच्छ भारत के दावों पर सवाल: बरही चौक पर कचरे का अंबार, बदबू से राहगीर परेशान