गिरिडीह। जिले के भंडारो गांव में मंगलवार देर रात उस वक्त मातम छा गया, जब 25 वर्षीय युवक विक्रम वर्मा की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना रेम्बा रेलवे स्टेशन के पास मधुपुर–कोडरमा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से हुई। हादसा इतना भयावह था कि युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और सिर व धड़ अलग हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे से कुछ देर पहले विक्रम ने अपने चचेरे भाई विपिन कुमार वर्मा को फोन कर रेम्बा स्टेशन पर तुरंत पहुंचने को कहा था। फोन कटने के बाद परिजन और ग्रामीण स्टेशन पहुंचे और काफी देर तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। निराश होकर सभी वापस घर लौट आए।
इसी बीच रेलवे कर्मियों ने ढाबातरी ट्रैक पर पोल संख्या 56/1 के पास एक क्षत-विक्षत शव देखा और तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। शव की पहचान विक्रम वर्मा के रूप में की गई, जिसके बाद गांव में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि विक्रम तीन भाइयों में सबसे छोटा था और गांव में राशन दुकान चलाकर परिवार का सहारा बना हुआ था। सबसे मार्मिक बात यह है कि उसकी शादी आगामी 14 मार्च को तय थी और फलदान की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। घटना से लगभग एक घंटे पहले उसने अपनी होने वाली पत्नी से फोन पर बात भी की थी।
फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया। हालांकि परिजनों के आग्रह पर पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसे भी पढ़े: दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई कार, एक की मौत, चार गंभीर