Also Read
छात्र की मौत के विरोध में दो घंटे तक चतरा-हजारीबाग सड़क जाम, एसडीओ के आश्वासन पर हटाया गया जाम
गिद्धौर(चतरा) कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय गिद्धौर की छात्रा नेहा की मौत के बाद बुधवार को ग्रामीण व परिजन सड़क पर उतर आये. सुबह में ग्रामीणों ने शव के साथ प्रदर्शन किया और ब्लॉक मोड़ के पास बीच सड़क पर शव रखकर चतरा-हजारीबाग मार्ग को जाम कर दिया. परिजन पुलिस प्रशासन से वार्डन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर अविलंब गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे. ग्रामीणों द्वारा करीब 2 घंटे तक सड़क जाम करने के बाद एसडीओ सुधीर कुमार दास के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम हटाया और शव का दाह संस्कार किया. मालूम हो कि बुधवार की सुबह सिंदुवारी व गांगपुर गांव से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष पहले जवाहर फुटबॉल मैदान के पास पहुंचे. यहां शव के साथ करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। इधर बीडीओ व थाना प्रभारी ने लोगों को कानूनी कार्रवाई व हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. लेकिन उग्र ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे. ग्रामीण व परिजन वार्डन सहित अन्य विद्यालय कर्मियों पर कार्रवाई व मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. वरीय अधिकारियों से सूचना मिलने के बाद सिमरिया अनुमंडल पदाधिकारी सुधीर कुमार दास थाना पहुंचे. यहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर गतिरोध खत्म कराया. इसके अलावा उन्होंने जाम स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से बात की और मृतक के परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपये नकद देने की बात कही. साथ ही परिजनों को अन्य सरकारी लाभ देने का भी आश्वासन दिया. साथ ही एसडीओ ने कहा कि वार्डन के खिलाफ यूडी के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी. फिलहाल निलंबन कर दिया गया है. जिला स्तरीय जांच टीम का गठन कर दिया गया है. मौके पर बीडीओ संजीत कुमार सिंह, थाना प्रभारी कन्हैया कुमार यादव, सशस्त्र बल के जवान व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.




















