रांची। भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बना चुकीं प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर परफॉर्म कर चुकीं शिवानी शर्मा अपने गृह राज्य झारखंड पहुंचीं। राजधानी रांची के ओडीआर (ODR) में उनके आगमन पर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद फैंस ने फूल-मालाओं और जोशीले नारों के साथ अभिनेत्री का भव्य स्वागत किया।
अभिनेत्री को एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा माहौल उत्सव में तब्दील हो गया। शिवानी शर्मा ने भी हाथ हिलाकर और मुस्कुराकर अपने चाहने वालों का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में अभिनेत्री शिवानी शर्मा ने झारखंड की प्रतिभाओं की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखंड प्रतिभाओं की धरती है। यहां के युवाओं में गजब की ऊर्जा और हुनर है। अगर इन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर मंच मिले, तो यहां के कलाकार न सिर्फ देश बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नाम रोशन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: मानवता को झकझोर देने वाली घटना: टाटीझरिया में झाड़ियों से मिली नवजात बच्ची, कड़ाके की ठंड में तड़पती रही मासूम
उन्होंने झारखंड में फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री की अपार संभावनाओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और नई प्रतिभाएं इसे भविष्य में एक बड़े फिल्म हब के रूप में विकसित कर सकती हैं।
गौरतलब है कि शिवानी शर्मा ने हिंदी, पंजाबी और तेलुगू सिनेमा में अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। इसके अलावा उन्होंने टी-सीरीज सहित कई नामचीन म्यूजिक कंपनियों के साथ काम करते हुए 50 से अधिक म्यूजिक एल्बम्स में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। उनके गाने और प्रोजेक्ट्स देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: चौपारण में जनता दरबार, विधायक ने सुनीं जनसमस्याएं, बोले जनता की समस्या सुनना और समाधान करना मेरी प्राथमिकता
बीते कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। शिवानी शर्मा आज भारतीय सिनेमा के साथ-साथ ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर भी झारखंड और भारत का नाम रोशन कर रही हैं।
इसे भी पढ़ें: एंबुलेंस नहीं मिली तो थैले में मासूम बेटे का शव लेकर गांव पहुंचा आदिवासी पिता, चाईबासा की घटना ने झकझोरा