हजारीबाग/बरही। झारखंड के हजारीबाग जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 11 वर्षीय मासूम बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट का VIDEO वायरल सोशल मीडिया पर होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लिया और हजारीबाग पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बरही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Also Read
क्रिकेट खेलते समय बच्चों में हुआ विवाद, मासूम को पीटा
घटना हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में क्रिकेट खेलने के दौरान दो बच्चों के बीच मामूली विवाद हो गया। बच्चों के इस विवाद में आलोक गुप्ता ने हस्तक्षेप करते हुए दूसरे बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने गुस्से में आकर मासूम बच्चे की सरेआम पिटाई की, जिससे बच्चा सहम गया। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो 17 दिसंबर को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
VIDEO वायरल होते ही मचा हड़कंप, मुख्यमंत्री ने X पर लिया संज्ञान
.@HazaribagPolice अविलंब संज्ञान लें। https://t.co/4tzJZBMtBd
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) December 18, 2025
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो का संज्ञान लेते हुए हजारीबाग पुलिस को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
युवराज होटल के पास से आरोपी गिरफ्तार, रोड मार्च कर दिया सख्त संदेश
एसडीपीओ बरही अजीत कुमार विमल ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित बच्चे की मां द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आलोक गुप्ता को युवराज होटल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी बरही थाना क्षेत्र के हरिनगर, गया रोड का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को रस्सी से बांधकर थाना तक रोड मार्च कराया। इस दौरान पुलिस का उद्देश्य समाज को यह स्पष्ट संदेश देना था कि बच्चों के साथ हिंसा और अमानवीय व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस का सख्त रुख: बच्चों के खिलाफ हिंसा पर जीरो टॉलरेंस
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि बच्चों के साथ मारपीट या किसी भी तरह की हिंसा करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इसे भी पढ़ें: चौपारण में जलापूर्ति संकट का समाधान, विधायक के प्रयास से लगा नया मोटर, जल्द शुरू होगी सप्लाई













