शराब तस्करी पर चौपारण पुलिस की बड़ी सफलता, फिल्मी अंदाज़ में पुलिस ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Craft Samachar
4 Min Read

चौपारण। प्रखंड में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने ऐसा ऑपरेशन अंजाम दिया, जिसने तस्करों की नींद उड़ा दी। गुरुवार को हजारीबाग जिला अंतर्गत चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस और शराब तस्करों के बीच जो हुआ, वह किसी एक्शन फिल्म के सीन से कम नहीं था। इस पूरे साहसिक अभियान का नेतृत्व कर रहे थे चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, जिनकी सूझबूझ, तेज निर्णय क्षमता और निर्भीक नेतृत्व ने एक बड़ी शराब तस्करी को नाकाम कर दिया।

पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को मिली गुप्त सूचना पर थाना प्रभारी ने बिना समय गंवाए रणनीति बनाई और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही को अवगत कराते हुए थाना गेट के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू कराया। इसी दौरान बरही की ओर से तेज रफ्तार में आ रही Hyundai Xcent (JH13D-3969) को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए वाहन को भगाना शुरू कर दिया।

इसके बाद थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साहसिक तरीके से तेज गति में पीछा शुरू किया। चतरा मोड़ पहुंचते ही पुलिस के दबाव में तस्करों को वाहन यूटर्न लेना पड़ा, लेकिन वे चौथी मोड़ होते हुए गांव की गलियों में घुस गए। भागने के दौरान तस्करों की कार ने टेंपो और मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए दहशत फैलाई और कच्चे रास्ते से मनगढ़ की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन थाना प्रभारी की रणनीतिक घेराबंदी और ग्रामीणों के सहयोग से वाहन को आखिरकार रोक लिया गया।

वाहन से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी की सख्त निगरानी में पुलिस बल ने मौके पर ही धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार (19 वर्ष) पिता उपेंद्र यादव परसातरी थाना चौपारण जिला हजारीबाग तथा संदीप पासवान (20 वर्ष) पिता रामदेव पासवान साकिन फुलवरिया थाना नवलशाही जिला कोडरमा के रूप में हुई।

वाहन की तलाशी में पुलिस को 06 पेटी रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब (750 ml, कुल 72 बोतल), 05 पेटी किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर (500 ml, कुल 120 कैन) तथा तस्करी में प्रयुक्त Hyundai Xcent कार (JH13D-3969) बरामद हुई। बरामद सभी समानों की अनुमानित कीमत करीब 07 लाख रुपये आंकी गई है।

इस मामले में चौपारण थाना कांड संख्या 34/26 (दिनांक 05/02/26) दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 317(5), 281, 132, 109(1), 324(3), 221, 125(a), 125(b), 3(5) BNS एवं 47(a) एक्साइज एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी के आने के बाद से क्षेत्र में शराब तस्करों और अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है। उनकी कार्यशैली, ईमानदार नेतृत्व और फील्ड में मौजूद रहकर कार्रवाई करने की आदत ने पुलिस की छवि को और मजबूत किया है। इस फिल्मी अंदाज़ वाली कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है, वहीं आम जनता ने पुलिस के इस साहसिक कदम का खुले दिल से स्वागत किया है।

इस साहसिक छापामारी दल में अजीत कुमार बिमल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही, सरोज सिंह चौधरी थाना प्रभारी चौपारण, सहायक अवर निरीक्षक बादल कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक मो. कमरूद्दीन और थाना रिजर्व गार्ड एवं चौकीदार शामिल थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *