शांतिपूर्ण चुनाव, मजबूत प्रशासन और तेज विकास, बीडीओ नितेश भास्कर के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियां
पर्व-त्यौहारों से लेकर जनकल्याण योजनाओं तक, बीडीओ नितेश भास्कर के नेतृत्व में चौपारण बना सुशासन का मॉडल
चौपारण। प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश भास्कर ने 9 अक्टूबर 2024 से 31 दिसंबर 2025 तक के अपने कार्यकाल का विस्तृत लेखा-जोखा जनता के समक्ष प्रस्तुत किया। पारदर्शी प्रशासन, खुली विचारधारा और चौपारण को विकास की नई दिशा देने के उद्देश्य से किए गए उनके प्रयासों की क्षेत्र में सराहना हो रही है, जिससे वे इन दिनों खासे चर्चित बने हुए हैं। अपने कार्यकाल के दौरान बीडीओ नितेश भास्कर ने प्रखंड में दशहरा, रामनवमी, ईद, होली सहित सभी प्रमुख पर्व-त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासनिक समन्वय और जनसहयोग के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
Also Read
प्रखंड की 26 पंचायतों में आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत कुल 16,755 आवेदनों का निष्पादन किया गया। इसमें वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित 3,200 आवेदनों का निस्तारण किया गया, जिससे हजारों जरूरतमंदों को समय पर लाभ मिल सका। आदिम जनजाति के उत्थान की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किए गए। पीएम जनमन योजना के तहत आदिम जनजाति के 86 आवासों की स्वीकृति दी गई, जिनमें से 32 आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं आदिम जनजाति पेंशन योजना के अंतर्गत लगभग 112 नए पेंशन आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, कल्याण विभाग द्वारा संचालित पशुधन योजना का लाभ 22 आदिम जनजाति लाभुकों को दिया गया। जनजाति विकास मंत्रालय द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान के तहत 18 जनजाति बहुल गांवों में ग्राम सभाओं के माध्यम से आदिम जनजातियों के विकास से जुड़ी योजनाओं का चयन कर उन्हें अनुमोदन हेतु भेजा गया, जिससे गांव स्तर पर विकास की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। चौपारण प्रखंड में विधानसभा आम निर्वाचन 2024 का सफलतापूर्वक, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन भी उनके नेतृत्व में संपन्न हुआ। वर्तमान में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पूर्व की गतिविधियों का संचालन प्रखंड के 170 बूथों पर सुचारू रूप से किया जा रहा है। मनरेगा योजना के तहत पूर्व से लंबित योजनाओं को पूर्ण कराया गया तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मानव दिवस सृजन कर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। कुल मिलाकर, बीडीओ नितेश भास्कर के कार्यकाल में चौपारण प्रखंड में प्रशासनिक पारदर्शिता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों को नई गति मिली है, जिससे आम जनता में विश्वास और संतोष का माहौल बना हुआ है।
इसे भी पढ़े: सड़क हादसों पर लगाम लगाने उतरे प्रशासनिक अधिकारी, गुलाब देकर दिलाई सुरक्षा की शपथ













