घने कोहरे और शीतलहरी का कहर: गिरिडीह में 2 दिन स्कूल बंद, प्रशासन ने जारी किया आदेश

Craft Samachar
2 Min Read

मनोज लाल बर्नवाल की रिपोट

गिरिडीह : घने कोहरे, कड़ाके की ठंड और बढ़ती शीतलहरी को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, केंद्र झारखंड (रांची) द्वारा जारी विशेष मौसम बुलेटिन के अनुसार राज्य में अत्यधिक ठंड एवं शीतलहरी की चेतावनी दी गई है। इस चेतावनी के तहत गिरिडीह जिले को येलो जोन की श्रेणी में रखा गया है, जहां गंभीर ठंड और शीतलहरी की संभावना जताई गई है।

मौसम की इस प्रतिकूल स्थिति और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम–2005 की धारा 34 के अंतर्गत महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार गिरिडीह जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा KG से 12वीं तक की पठन–पाठन गतिविधियां दिनांक 05 एवं 06 जनवरी 2026 तक पूर्णतः स्थगित रहेंगी।

हालांकि, जिन विद्यालयों में उक्त अवधि के दौरान कक्षा 10वीं या 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं पूर्व से निर्धारित हैं, वहां परीक्षाओं का आयोजन पूर्वाह्न 10:00 बजे के बाद ही किया जाएगा, ताकि ठंड के प्रभाव से विद्यार्थियों को सुरक्षित रखा जा सके।

जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और आम जनता से अपील की गई है कि बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सतर्कता बरतें और प्रशासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और मौसम की स्थिति के अनुसार आगे भी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: तिसरी : उत्क्रमित मध्य विद्यालय जमामो में कई सप्ताह से मध्यान भोजन से अंडा गायब

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।