चौपारण। प्रखण्ड खेल मैदान स्थित पीएचडी हाउस का मोटर खराब होने की वजह से चौपारण चट्टी में जलापूर्ति योजना ठप पड़ा था। बरही विधायक मनोज कुमार यादव के विशेष प्रयास से जलमीनार के लिए नया मोटर उपलब्ध करा दिया गया है, जिसे लगाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मालूम हो कि क्षेत्र में पानी की किल्लत को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार विधायक को शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने स्वयं स्थल निरीक्षण किया था। समस्या के समाधान के लिए विधायक ने उपायुक्त हजारीबाग से मुलाकात कर डीएमएफटी मद से अविलंब नया मोटर उपलब्ध कराने की मांग की थी। उपायुक्त के निर्देश के बाद विभाग द्वारा मोटर उपलब्ध कराया गया। इस संदर्भ में भाजपा नेता रिशु बर्णवाल ने कहा कि जलापूर्ति ठप होने से क्षेत्र के लोग परेशान थे, लेकिन विधायक जी के अथक प्रयास से यह मांग पूरी हुई है। इसके लिए उन्होंने चौपारण वासियों की ओर से विधायक के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया। कहा जल्द ही मोटर इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा होते ही चौपारण वासियों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल मिलना शुरू हो जाएगा।
जनहित के कार्यों के लिए सदैव तत्पर: विधायक
इस संबंध में विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। कहा जनहित कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहा हूँ और आगे भी चौपारण की जनता की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहूँगा।
इसे भी पढ़े: प्रेस क्लब चौपारण इकाई की बैठक सम्पन्न, 21 दिसम्बर को वनभोज आयोजित करने का निर्णय